जनपद के सभी थानों पर आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस, 70 शिकायतें प्राप्त।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

मौके पर सात प्रार्थना पत्रों का निस्तारण, शेष शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश।

 

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।

जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की। समाधान दिवस में कुल 70 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सात का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित समाधान दिवस के दौरान सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल के थानों पर उपस्थित होकर शिकायतें सुनीं। वहीं थाना प्रभारियों ने भी थानों पर पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

 

भूमि विवाद से संबंधित मामलों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि ऐसे प्रकरणों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष कार्रवाई करें। थाना स्तर, आईजीआरएस अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि विवाद संबंधी शिकायतों को समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज कर नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।