मंडलायुक्त ने मतदाता सूची पुनरीक्षण में बूथवार लक्ष्य तय किया ।

उत्तर प्रदेश ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।

विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2027 को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए मंडलायुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर इन्द्र विक्रम सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर औसतन 140 नए मतदाताओं को जोड़ने के लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चल रहे पुनरीक्षण अभियान की प्रगति, दावे-आपत्तियों, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा। उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार जनसंख्या के सापेक्ष मतदाताओं की संख्या और अनुपात की समीक्षा करते हुए ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का विधानसभा निर्वाचक नामावली से मिलान कराने के निर्देश दिए। दोनों सूचियों में अंतर मिलने पर पात्र एवं छूटे नागरिकों को

चिह्नित कर फार्म-6 भरवाया जाए। विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने तथा महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अभियान चलाने पर जोर दिया।

मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और बीएलए तथा बीएलओ के बीच समन्वय स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करना निर्वाचन विभाग के साथ राजनीतिक दलों और

नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक से पूर्व उन्होंने पनियरा विधानसभा क्षेत्र के छाती राम बूथ संख्या 307 का निरीक्षण किया। वहां किसी दल का बीएलए उपस्थित नहीं मिला। इस पर उन्होंने बूथ स्तर पर सहभागिता बढ़ाने और मतदाताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन नियंत्रण एवं शिकायत प्रकोष्ठ के निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता अमित कुमार यादव से फोन पर बात कर वोटर आईडी संबंधी शिकायत के निस्तारण का फीडबैक लिया। उन्होंने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। नागरिकों से मतदाता सूची में नाम जांचने तथा जरूरत पड़ने पर फार्म-6 भरने की अपील की। मतदाता संबंधी जानकारी और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन 1950 की जानकारी भी दी। बैठक में डीआईजी शिवासिल्पा जिन्नपा, डीएम शिवशरणप्पा जीएन, सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह, एसपी शक्ति मोहन अवस्थी, एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार सहित निर्वाचन अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।