पैसे के विवाद में युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत।
पुरंदरपुर पुलिस ने तीन आरोपितों को दबोचा, वारदात में प्रयुक्त .32 बोर का अवैध तमंचा बरामद।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, फरेंदा महराजगंज।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को जिसान अपने दोस्त सब्बीर अहमद की समरधीरा स्थित राज रेस्टोरेंट एवं बिरयानी सेंटर पर बकाया पैसे मांगने गया था। इसी दौरान पैसे के लेनदेन को लेकर जिसान और सब्बीर अहमद, प्रदीप जायसवाल व अमन के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सब्बीर ने जिसान को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही थी। शनिवार सुबह करीब 4:58 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मनिकौरा चौराहा अंडरपास से सब्बीर अहमद (19), प्रदीप जायसवाल (21) और अमन (19) को गिरफ्तार कर लिया। सब्बीर के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।



