के एम सी मेडिकल कॉलेज में साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, ई-मेल फिशिंग से बचाव के बताए तरीके।

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।
महराजगंज। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और लोगों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को साइबर क्राइम थाना की जागरूकता टीम ने KMC मेडिकल कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित कर ई-मेल फिशिंग समेत विभिन्न साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी ई-मेल, संदिग्ध लिंक और अज्ञात अटैचमेंट के जरिए धोखाधड़ी कर सकते हैं। ऐसे में किसी भी ई-मेल पर कार्रवाई करने, लिंक खोलने या अटैचमेंट डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा करने से पहले प्रेषक के ई-मेल डोमेन और लिंक की पुष्टि करने की अपील की गई। पुलिस टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता बरतने और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी अनजान व्यक्तियों से साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक अमित यादव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, मुख्य आरक्षी प्रफुल्ल यादव, आरक्षी पीयूष नाथ तिवारी और आरक्षी संतोष शर्मा मौजूद रहे। महराजगंज पुलिस ने आमजन से साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।



