LIVE TVउत्तर प्रदेशदेवरियादेशधर्मराज्यलेख

विश्वकर्मा पूजन समारोह में दिखी आस्था, बिरहा की तान पर देर शाम तक झूमे श्रोता

सलेमपुर से सत्यम पाण्डेय की रिपोर्ट 

पूजन के बाद सजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, अंसार अहमद और सीमा सरगम की प्रस्तुति ने बांधा समां

सलेमपुर, देवरिया। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को सलेमपुर के बापू इंटर कॉलेज मैदान में आस्था, सृजन और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। विश्वकर्मा पूजन समारोह के साथ आयोजित बिरहा मुकाबले में देर शाम तक बड़ी संख्या में श्रोता जुटे रहे। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद और कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि संसार में दिखाई देने वाली सृजन और निर्माण की प्रत्येक कृति में भगवान विश्वकर्मा की शिल्पकला की झलक मिलती है। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है।
पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण और सृजन का प्रतीक माना जाता है। उनके आशीर्वाद से ही निर्माण कार्यों को नई दिशा और गति मिलती है। वहीं डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने कहा कि विश्वकर्मा पूजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि श्रम, हुनर और सृजन के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है।
पूजन समारोह के बाद बिरहा मुकाबले का दौर शुरू हुआ तो मैदान तालियों से गूंज उठा। आजमगढ़ के प्रसिद्ध बिरहा कलाकार अंसार अहमद ने भगवान विश्वकर्मा की महिमा का बखान करते हुए अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद बस्ती की चर्चित बिरहा गायिका सीमा सरगम ने अपनी दमदार प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोनों कलाकारों के बीच हुए बिरहा मुकाबले का श्रोताओं ने देर शाम तक आनंद लिया।
कार्यक्रम के आयोजक कमरुद्दीन अंसारी ने अतिथियों, कलाकारों और श्रोताओं के प्रति आभार जताया। इस दौरान भाजपा नेता जटाशंकर दूबे, जयनाथ कुशवाहा गुड्डन, रणविजय कुमार, सपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश यादव, मालवीय प्रसाद निर्मल, सत्यम पांडेय, श्यामबदन शर्मा, योगेंद्र प्रजापति, जितेंद्र यादव, विजय पांडेय, धर्मेंद्र तिवारी, शमशाद अहमद, विनोद मिश्र, आकाश प्रजापति, विनय सिंह और दिलीप शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!