लेहड़ा मेले में सुरक्षा से लेकर बिजली-पानी तक के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश।
डीआईजी एस. चनप्पा ने मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों का किया निरीक्षण, महिला सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी पर विशेष जोर।

दैनिक स्वाभिमान जागरण, महराजगंज।
शारदीय नवरात्र में लेहड़ा दुर्गा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंगलवार शाम डीआईजी एस. चनप्पा ने प्रसिद्ध लेहड़ा दुर्गा मंदिर पहुंचकर मेले की तैयारियों की पड़ताल की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भीड़ पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों से प्रभावी निगरानी की जाए, जबकि महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला हेल्प डेस्क और बिछड़े लोगों की मदद के लिए खोया-पाया केंद्र स्थापित किया जाए।
उन्होंने बिजली विभाग को नवरात्र मेले के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के समय किसी तरह की परेशानी न हो। पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त रखने और मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण से पहले डीआईजी ने मां दुर्गा का विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रसाद चढ़ाया। इसके बाद महंत से मुलाकात कर मेले की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



