शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी के आभूषण व नकदी बरामद

शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी के आभूषण व नकदी बरामद
स्वाभिमान जागरण देवरिया
देवरिया। जीआरपी देवरिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी का एक पीली धातु का लॉकेट तथा 6,900 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 41,900 रुपये बताई गई है।
जीआरपी टीम ने देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 से रुद्रपुर थाना क्षेत्र के बौरडीह निवासी 36 वर्षीय पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार बरामद 2,000 रुपये जीआरपी बलिया में दर्ज चोरी के मुकदमे, 4,900 रुपये जीआरपी मऊ के मुकदमे तथा बरामद लॉकेट जीआरपी देवरिया में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले से संबंधित है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चलती ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करता था। चोरी के आभूषण राह चलते लोगों को बेच देता था और नकदी अपने खर्चों में इस्तेमाल करता था। वह चोरी का लॉकेट बेचने के इरादे से देवरिया स्टेशन पहुंचा था, जहां जीआरपी ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जीआरपी बलिया, मऊ और देवरिया में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल रही।



