करेंट लगने से 32 वर्षीय एक महिला की मौत,10वर्षीय बच्ची घायल।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।
बृजमनगंज नगर पंचायत क्षेत्र के सटे गोलसागर गांव में बृहस्पतिवार सुबह करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला को बचाने पहुंची 10 साल की बच्ची भी गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों ने बिजली की सप्लाई बंद कर दोनों को बाहर निकाला। महिला को उसके परिजन तुरंत सीएचसी बृजमनगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गोलसागर गांव निवासी पूजा (32) पत्नी राम सहाय सुबह घर में टांड से रस्सी उतार रही थीं। इसी दौरान पास में रखी लोहे की दरांती फिसलकर नीचे गिर गई। दरांती पास से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गई। तार में करंट होने के कारण दरांती में भी करंट उतर गया।पूजा ने जैसे ही दरांती को हटाने के लिए हाथ बढ़ाया, वह करंट की चपेट में आ गईं। तेज झटका लगने से वह जमीन पर गिर पड़ीं। उन्हें देखकर परिवार के लोग बचाने के लिए दौड़े, लेकिन करंट के कारण उनके लिए भी खतरा पैदा हो गया।
इसी दौरान पूजा के जेठ की 10 वर्षीय बेटी नेहा भी करंट की चपेट में आ गई। बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली की सप्लाई बंद कराई, जिसके बाद पूजा और नेहा को करंट की चपेट से बाहर निकाला गया।
परिजन पूजा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बृजमनगंज लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल नेहा का सीएचसी में इलाज चल रहा है।बताया गया कि पूजा के पति राम सहाय मुंबई में काम करते हैं। पूजा के दो बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
बृजमनगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले को पंजीकृत आगे आवश्यक कार्यवाही कर रही है।



