थाना समाधान दिवस में 5 शिकायतें मिलीं, 1 का मौके पर निस्तारण। श्रावण व चेहल्लुम को लेकर हुई पीस कमेटी की बैठक

थाना समाधान दिवस में 5 शिकायतें मिलीं, 1 का मौके पर निस्तारण। श्रावण व चेहल्लुम को लेकर हुई पीस कमेटी की बैठक
स्वाभिमान जागरण, मईल देवरिया
देवरिया। शासन के निर्देश पर शनिवार को थाना मईल में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 5 फरियादें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 मामले का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को जांच कर शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित टीमों को सौंपा गया।
अधिकारीयों ने सुनीं फरियादें :
इस अवसर पर दिवसाधिकारी के रूप में एसडीएम बरहज शशिकांत मणि, सीओ बरहज राजेश चतुर्वेदी एवं थानाध्यक्ष मईल विकास नाथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए राजस्व व पुलिस विभाग को संयुक्त जांच कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। भूमि विवाद व फर्जी शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
श्रावण व चेहल्लुम को लेकर पीस कमेटी की बैठक:
इसी क्रम में थाना परिसर में आगामी श्रावण मास व चेहल्लुम के त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विकास नाथ ने की। इसमें हिन्दू व मुस्लिम समुदाय के ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिक व धर्मगुरुओं ने प्रतिभाग किया।
थानाध्यक्ष ने दोनों समुदायों के लोगों को आपसी सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और त्यौहारों को परंपरागत तरीके से मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और पुलिस हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए त्यौहारों को शांतिपूर्वक मनाने पर सहमति जताई।



