लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से नाराज किसानों ने पावर हाउस का घेराव किया, सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी

खखरेरू फतेहपुर क्षेत्र में लो वोल्टेज, अघोषित विद्युत कटौती और बिजली व्यवस्था की बदहाली से नाराज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के सैकड़ों किसानों ने गुरुवार को खखरेरू स्थित विद्युत उपकेंद्र (पावर हाउस) का घेराव कर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण नहीं किया गया तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
किसानों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पर्याप्त वोल्टेज न मिलने से किसानों के स्टार्टर, मोटर और ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने इसके लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
ज्ञापन में किसानों ने यह भी कहा कि हाल ही में पावर हाउस से खींची गई नई विद्युत लाइन में लगाए गए तार काफी कमजोर हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। किसानों ने इन तारों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित कर सड़क से दूर कराने की मांग की। इसके अलावा शासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के ब्लॉक अध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि यदि विभाग ने जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया तो संगठन रक्षपालपुर-कोट मार्ग पर करीब 500 ट्रैक्टरों और हजारों किसानों के साथ चक्का जाम कर व्यापक आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
प्रदर्शन के दौरान तहसील प्रभारी कुलदीप सिंह, धीरेंद्र, सुधीर कुमार श्रीवास्तव, वीरेंद्र सिंह, शीतल प्रसाद, अयोध्या प्रसाद, दशरथ पटेल, बाबूलाल, सुखराम, मनजीत, श्रीराम पटेल, खेलावन, राकेश सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।


