18 वर्षों से सेवा दे रहे ग्राम रोजगार सेवकों ने नियमितीकरण की उठाई मांग।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज मनरेगा के तहत कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अपनी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। रोजगार सेवकों ने कहा कि वे पिछले 18 वर्षों से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सेवा सुरक्षा और पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। ज्ञापन में रोजगार सेवकों ने मासिक मानदेय बढ़ाकर 35 हजार रुपये किए जाने, भुगतान के लिए अलग बजट की व्यवस्था, शासनादेश के समान अनुपालन तथा मृतक रोजगार सेवकों के आश्रितों को पूरे प्रदेश में सेवा में समायोजन की मांग उठाई। उन्होंने लंबे समय से कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित कर सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने और मुख्यमंत्री द्वारा घोषित एचआर पॉलिसी को लागू करने की भी मांग की। इसके अलावा डिजिटल कार्यों को सुचारु बनाने के लिए प्रत्येक ग्राम रोजगार सेवक को मोबाइल या टैबलेट उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। इस दौरान जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक उपस्थित रहे।



