एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर के पहले CEO, ट्रस्ट की बैठक में कई अहम फैसले
देवरिया के भाटपाररानी क्षेत्र के भोपतपुरा गांव के रहने वाले हैं एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार को अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मणिरामदास छावनी स्थित आवास पर हुई। बैठक में राम मंदिर के लिए प्रस्तावित मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के नाम पर निर्णय लिया गया। सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जीतेंद्र मिश्रा को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनकी भूमिका के लिए स्वतंत्रता दिवस 2025 पर सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया था। इससे पहले उन्हें वर्ष 2024 में अति विशिष्ट सेवा पदक और वर्ष 2013 में विशिष्ट सेवा पदक भी मिल चुका है।
ट्रस्ट में तीन नए सदस्य शामिल
बैठक में ट्रस्ट के रिक्त पदों को भरने पर भी फैसला लिया गया। चढ़ावा चोरी प्रकरण में मुकदमा दर्ज होने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पदों से इस्तीफा दिया था। छह जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में दोनों के इस्तीफे स्वीकार किए गए थे।
इसके बाद बुधवार की बैठक में महेश भागचंद, मदनमोहन पाण्डेय और निर्मला यादव को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नए सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
बैठक में कई प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय पदाधिकारी दिनेश सहित कई प्रमुख सदस्य मौजूद रहे। कमलनयन दास, दिनेन्द्र दास, कृष्ण मोहन तथा विहिप के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल बांगड़ा भी बैठक में शामिल हुए।
इसके अलावा शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्न तीर्थ, युगपुरुष स्वामी परमानंद, केशव पारासरन, शशांक त्रिपाठी, नृपेन्द्र मिश्र, प्रशांत लोखंडे और संजय प्रसाद बैठक में ऑनलाइन जुड़े।
देवरिया के भोपतपुरा गांव से है संबंध
एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा मूल रूप से देवरिया जिले के भाटपाररानी क्षेत्र स्थित भोपतपुरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त किया था।
अपने लंबे सैन्य करियर में उन्होंने 18 से अधिक प्रकार के विमानों पर उड़ान भरी और 3,000 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव हासिल किया।
भारतीय वायुसेना में संभालीं अहम जिम्मेदारियां
एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में कमांडिंग-इन-चीफ जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने एकीकृत रक्षा स्टाफ में उप प्रमुख (सिद्धांत, संगठन एवं प्रशिक्षण) की जिम्मेदारी संभाली।
भारत के साथ-साथ अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके जीतेंद्र मिश्रा को बड़े संगठनों के संचालन, नेतृत्व और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय का व्यापक अनुभव है। अब उन्हें श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के CEO की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।