तीन दिन से लापता युवक का शव घर के सामने तालाब में मिला

दैनिक स्वाभिमान जागरण संवाददाता
खखरेरू फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर चार जोधा सिंह नगर में सोमवार सुबह घर के सामने स्थित तालाब में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक शनिवार दोपहर से घर से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार जोधा सिंह नगर निवासी जीतू (33) पुत्र झूर्री शनिवार दोपहर करीब दो बजे अपने भाई नरेंद्र के घर खाना खाने के बाद बाहर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों के मुताबिक जीतू के दो-तीन दिन बाद घर लौटने की आदत थी, इसलिए शनिवार को उसके जाने के बाद परिजनों ने तत्काल उसकी तलाश नहीं की।
सोमवार सुबह तालाब के किनारे कूड़ा डालने गई महिलाओं ने पानी में शव उतराता देखा। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त जीतू के रूप में कराते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई सुरेश ने बताया कि जीतू मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और वह परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी पत्नी मैना देवी 27 अगस्त को रक्षाबंधन से पहले तीन बच्चों के साथ मायके चली गई थी। पति की मौत की सूचना मिलते ही वह बच्चों के साथ मौके पर पहुंची। पिता की मौत के बाद आठ वर्षीय आशा देवी, पांच वर्षीय आकाश और तीन वर्षीय शिव का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी परिजनों के सामने संकट खड़ा हो गया है।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



