बकरी चोरी का खुलासा: दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी की 2 बकरी व स्विफ्ट कार बरामद

स्वाभिमान जागरण, देवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बरियारपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में थाना बरियारपुर पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज दिनांक 23.09.2026 को महुआपाटन पुल के पास से *अंकुर पासवान पुत्र ज्ञान पासवान निवासी नन्दा नगर, थाना एम्स गोरखपुर* व *राम भवन पुत्र कपिलदेव निवासी देवकुआं, थाना गौरीबाजार देवरिया* को गिरफ्तार किया।
उनके कब्जे से चोरी की 2 बकरी व घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP52BU5637 बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने दिनांक 14.09.2026 की रात्रि में राउतपार से बकरियां चोरी की थीं। चोरी की कुल 8 बकरियों में से 6 को उन्होंने राह चलते लोगों को बेच दिया और रुपयों को शराब व गाड़ी में पेट्रोल डलवाने में खर्च कर दिया। शेष दो बकरियों को लेकर रिश्तेदारी में जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
इस संबंध में थाना बरियारपुर में मु0अ0सं0 182/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम: उ0नि0 दुर्गेश कुमार शुक्ल, हे0का0 ज्ञान प्रकाश, हे0का0 मनोज उपाध्याय।



