देवाश्रम मठ के नवान्ह समारोह में पहुंचे ब्लॉक प्रमुख अमित कुमार सिंह बबलू, 150 बोरी सीमेंट दिये दान

स्वाभिमान जागरण संवाददाता देवरिया।

जर्जर भवन के लिंटर निर्माण के लिए 150 बोरी सीमेंट देने की घोषणा, राधा-कृष्ण भाव नृत्य ने मोहा मन
लार, देवरिया। देवाश्रम मठ लार में आयोजित नौ दिवसीय नवान्ह समारोह में ब्लॉक प्रमुख अमित कुमार सिंह बबलू मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मठ के जर्जर भवन के लिंटर निर्माण के लिए 150 बोरी सीमेंट दान दिया। उनके इस सहयोग से भवन के मरम्मत एवं निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।समारोह में कथा वाचक उमेश सिंह ने रामकथा के प्रसंग में बाली और सुग्रीव की कथा सुनाई। उन्होंने कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, मर्यादा और जीवन के आदर्शों से जुड़ने का संदेश दिया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन रहे।
कार्यक्रम में स्वामी भगवान गिरि जी ने ब्लॉक प्रमुख के सहयोग के प्रति साधुवाद व्यक्त किया। प्रधानाचार्य गजेंद्र नाथ चौबे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चियों ने राधा-कृष्ण पर आधारित भाव नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
नवान्ह समारोह में धार्मिक कथा, भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ बीएन सिंह, संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रदीप शर्मा, चंदन तिवारी, ब्रजेश कुमार सिंह, सुरेंद्र त्रिपाठी, प्रदीप कुमार राजौरिया, सन्तोष गुप्ता, सम्पूर्णा नंद द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।



