पत्रकारों की हिरासत के विरोध में देवरिया में प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन


स्वाभिमान जागरण देवरिया। लिविंग इंडिया और हिंदी खबर न्यूज चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को देवरिया के पत्रकारों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। जनरलिस्ट प्रेस क्लब देवरिया, गोरखपुर जर्नलिस्ट एसोसिएशन और पत्रकार समन्वय समिति के तत्वावधान में जुटे पत्रकारों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए हिरासत में लिए गए सभी लोगों की रिहाई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद पत्रकारों ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हरियाणा में बढ़ती नशाखोरी से संबंधित समाचार प्रसारित किए जाने के मामले में लिविंग इंडिया और हिंदी खबर न्यूज चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल सहित चार लोगों को हिरासत में लिए जाने का उल्लेख किया गया। इनमें एक महिला पत्रकार के भी शामिल होने की बात कही गई।
पत्रकारों ने कहा कि नशाखोरी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या को उजागर करना जनहित से जुड़ा विषय है। किसी खबर या प्रसारण को लेकर कानूनी आपत्ति होने पर उसका समाधान पारदर्शी और विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए। पत्रकारों के पेशेवर कार्यों के कारण उन्हें प्रताड़ित करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
ज्ञापन के माध्यम से पूरे प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई के आधार की समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध हिरासत पाए जाने पर नियमानुसार राहत सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही महिला पत्रकार की सुरक्षा, गरिमा और कानूनी अधिकारों की रक्षा करने पर जोर दिया गया। पत्रकारों ने कहा कि यदि जांच में दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों ने कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। मीडिया जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाने और सरकार व प्रशासन को जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र रूप से काम करने के अधिकारों की रक्षा करना आवश्यक है। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि पत्रकारों के उत्पीड़न और उनके काम में अनुचित हस्तक्षेप की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


