उत्तर प्रदेशफतेहपुर

मुकुट पूजन के साथ खखरेरू की ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ

20 नवंबर को रावण वध के साथ होगा छह दिवसीय रामलीला मंचन का समापन, पहले दिन ताड़का वध और अहिल्या उद्धार की लीला का हुआ मंचन

खखरेरु फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू की ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ रविवार 15 नवंबर को हनुमान पूजन और मुकुट पूजन के साथ हुआ। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष आनंद जगदीश मिश्रा ने विधि-विधान से पूजन कर छह दिवसीय रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। पहले दिन मुनि चरण वंदना, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार और जनक वाटिका की लीलाओं का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम की लीलाओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी पहुंचे।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष आनंद मिश्रा ने बताया कि 15 नवंबर से शुरू हुआ रामलीला मंचन 20 नवंबर तक चलेगा। 16 नवंबर को धनुष यज्ञ और लक्ष्मण-परशुराम संवाद, 17 नवंबर को राम वनवास तथा दशरथ-कैकेयी संवाद का मंचन होगा। इसी तरह 18 नवंबर को सूर्पणखा के नाक-कान काटने से लेकर लंका दहन तक की लीला दिखाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को रामेश्वरम स्थापना, अंगद-रावण संवाद और विभीषण की शरणागति का मंचन होगा। अंतिम दिन 20 नवंबर को कुंभकर्ण, अहिरावण, मेघनाद वध और रावण वध की लीला के साथ रामलीला का समापन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रामलीला कमेटी की ओर से बैठने और प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष आनंद मिश्रा, प्रबंधक महेश चंद्र अग्रहरि, कोषाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, ऋषि महाकाल, अनुज, राहुल, मनोज चौधरी, संजू सहित क्षेत्रवासी सहयोग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button