सीता स्वयंवर में श्रीराम ने तोड़ा धनुष, गूंजे जय श्रीराम के जयकारे
_परशुराम-लक्ष्मण संवाद ने बांधे रखा दर्शकों का ध्यान, तीन घंटे से अधिक चला संवाद

खखरेरु फतेहपुर नगर पंचायत खखरेरू स्थित रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला के दूसरे दिन सीता स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के धनुष तोड़ते ही पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। वहीं, परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए तीखे संवाद ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
सीता स्वयंवर के मंचन को लेकर रामलीला कमेटी और व्यास मंडल की ओर से दोपहर बाद से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। शाम होते ही राजा जनक के दरबार में सीता स्वयंवर का मंचन शुरू हुआ। स्वयंवर में शामिल होने पहुंचे एक से बढ़कर एक बलशाली राजाओं ने भगवान शिव के धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी राजा धनुष को हिला तक नहीं सका। सभी राजाओं को असफल देखकर राजा जनक निराश हो गए। इसी दौरान उन्होंने कहा, “अब जनि कोउ माखै भटमानी। वीर बिहीन मही मैं जानी।।”
राजा जनक के इन वचनों को सुनकर लक्ष्मण जी क्रोधित हो उठे। उन्होंने कहा कि यदि गुरु और बड़े भाई की आज्ञा मिल जाए तो इस धनुष की क्या बिसात, वह पूरी पृथ्वी को गेंद की तरह उठाकर चकनाचूर कर सकते हैं। इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम ने सहजता से शिव धनुष को भंग कर दिया। धनुष टूटते ही मैदान में मौजूद श्रद्धालुओं और दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारे लगाने शुरू कर दिए। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
धनुष भंग होने की जानकारी मिलते ही सुमेरु पर्वत पर तपस्या कर रहे भगवान परशुराम क्रोधित होकर राजा जनक के दरबार में पहुंच गए। उन्होंने टूटे हुए धनुष को देखकर सभा में मौजूद लोगों से उसे तोड़ने वाले के बारे में पूछा और दोषी को सामने लाने की चेतावनी दी। इसके बाद परशुराम और लक्ष्मण के बीच तीखे वाकयुद्ध का मंचन शुरू हुआ। दोनों पात्रों के बीच हुए संवाद में व्यंग्य, वीरता और हास्य का अनूठा संगम देखने को मिला। करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस संवाद ने दर्शकों को लगातार रोमांचित किया। दर्शक पूरे समय मंचन का आनंद लेते रहे और कलाकारों के अभिनय की सराहना करते नजर आए।
रामलीला कार्यक्रम के दौरान कमेटी के मौजूद लोग अध्यक्ष महाकाल महाराज,रिशी राज अग्रहरी,शुभम मोदलवाल,अनुज मिश्रा,शिवम मोदनवाल,रितिक केशरवानी,कमेटी के अन्य पदाधिकारी और हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक मौजूद रहे।



