
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर बढ़ाया विद्यालय एवं देवरिया जनपद का गौरव
स्वाभिमान जागरण देवरिया। कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल, लार टाउन के लिए यह अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि विद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन पंजाब स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), फगवाड़ा में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ग्रैंड फिनाले 2.0 के लिए हुआ है।
इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में विद्यालय के AI शिक्षक आदित्य गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में कक्षा के विद्यार्थी नवीन जायसवाल एवं आदर्श पांडेय अपनी प्रतिभा, तकनीकी कौशल और नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन 20 एवं 21 नवंबर 2026 को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, फगवाड़ा (पंजाब) में आयोजित होगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण ने दोनों विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रबंधक प्रमोद सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के तकनीकी युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स एवं नवाचार आधारित शिक्षा विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रही है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में तकनीकी एवं नवाचार आधारित शिक्षा को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर वास्तविक जीवन की समस्याओं का समाधान खोजने में सक्षम बनें।
दो विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच तक पहुँचना न केवल कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल बल्कि पूरे देवरिया जनपद के लिए गर्व और गौरव का विषय है।



