शिक्षक संगठन की हुई विजय, प्रबंधन की सहमति पर क्षेत्रीय अधिकारी ने प्राचार्य को किया बहाल
स्वामी देवानंद पीजी कालेज में प्राचार्य पद का चल रहा था विवाद

शिक्षक संगठन की हुई विजय, प्रबंधन की सहमति पर क्षेत्रीय अधिकारी ने प्राचार्य को किया बहाल
पांडे एन डी देहाती/ स्वाभिमान जागरण
देवरिया। स्वामी देवानंद पीजी कालेज मठ लार के प्राचार्य पद के विवाद पर शनिवार को विराम लग गया। शिक्षक संगठन की विजय हो गई। शिक्षक चाहते थे कि पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर ब्रह्मानंद सिंह जो 6 सितंबर को इस्तीफा दिए थे, उन्हें बहाल किया जाय। इस मांग को लेकर पांच दिन से चलाया जा धरना आज समाप्त हो गया। प्रबंधन की सहमति के बाद विश्व विद्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ अश्वनी मिश्रा ने पुनः ब्रह्मानंद सिंह को प्राचार्य बनाया। उन्हें प्राचार्य की कुर्सी पर ससम्मान बैठाया गया। शिक्षकों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
स्वामी देवानंद पीजी कालेज मठ लार के प्राचार्य डॉ ब्रह्मानंद सिंह द्वारा 6 सितंबर को त्यागपत्र देने के बाद महाविद्यालय प्रबंधन 19 सितंबर को डॉ धीरज पांडेय को प्राचार्य पद पर कार्य करने के लिए अधिकृत किया था। सोमवार को प्राचार्य कक्ष को सजाया गया था। फूल माला आया था। मिठाईयां मंगाई गईं थी। डॉ धीरज पांडेय के प्राचार्य बनाए जाने की खबर मिलते ही महाविद्यालय के शिक्षकों में आक्रोश फैल गया था। शिक्षक संघ के अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में लगभग दो दर्जन से भी अधिक शिक्षक प्राचार्य कक्ष में धरना पर बैठ गए थे। उसके बाद तो शिक्षक संगठन के समर्थन में गोरखपुर, देवरिया, बरहज के शिक्षक नेता भी धरने पर आने लगे। इंटर कालेज के शिक्षक और कर्मचारी भी ब्रह्मानंद के समर्थन में उतर गए। क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक भी समर्थन में उतर गए।शिक्षकों का आरोप था कि सबसे जूनियर प्राध्यापक को प्राचार्य बनाया जाना हम सभी का अपमान है। हम ऐसे किसी शिक्षक के अधीनस्थ काम नहीं करेंगे। सोमवार से चल रहा धरना शुक्रवार तक चला। उसके बाद प्रबंधन ने क्षेत्रीय अधिकारी दफ्तर में अपना पत्र भेज दिया। प्रबंधन की सहमति के बाद शनिवार को क्षेत्रीय अधिकारी डॉ अश्वनी मिश्रा ने इस्तीफा दिए प्राचार्य को पुनः उनकी कुर्सी पर विराजमान कराया।



