दूध की आड़ में बिहार में दारू की सप्लाई , गंदा है पर धंधा है
मेहरौना बार्डर पर पकड़ा गया वाहन

दूध की आड़ में बिहार में दारू की सप्लाई , गंदा है पर धंधा है
चित्र : पुरानी फाइल फोटो से

मेहरौना बार्डर पर पुलिस वाहन की चेकिंग में जुटी तो तस्कर हुआ फरार
स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। बिहार में होली के लिए शराब कलेक्शन पर लार पुलिस का एक्शन हो गया। बिहार में शराब बंदी के बाद तस्कर तमाम तरह के हथकंडे अपना रहे। यूपी बिहार के बार्डर पर लार थाना के मेहरौना चेक पोस्ट पर पुलिस की सक्रियता से एक ऐसे वाहन को बरामद करने में सफलता मिली जो रोज भोर में दूध की सप्लाई देने जाता था। दूध आवश्यक वस्तु के रूप में आती है। दुग्ध वाहनों को रास्ते में रोकना मना है। इसी का लाभ उठाकर शराब तस्कर अमूल ब्रांड के कुछ पैकेटों के बीच देसी दारू के बंटी बबली ब्रांड की शराब बिहार पार कर रहे। होली के मद्देनजर बिहार में विभिन्न रास्तों से बड़ी मात्रा में शराब भेजी जा रही है।
शुक्रवार की भोर में दुग्ध वाहन संख्या यूपी 52 बी टी 6686 रोज की भांति दूध की सप्लाई देने जा रहा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने आज दुग्ध वाहन की ही जांच कर दी। अमूमन दुग्ध वाहन और तेल टैंकर आदि पुलिस जांच नहीं करती है। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा और सिपाही सर्वेश यादव भोर में संदेह के आधार पर दुग्ध वाहन मेहरौना बार्डर पर रोका। चालक को वाहन चेक कराने को बोला गया तो उसने आराम से पीछे जाकर फाटक खोल कर बोला -देख लीजिए साहब दूध है दूध। वाहन में प्लास्टिक के कैरेट में अमूल ब्रांड दूध के पैकेट साफ दिख रहे थे। चौकी प्रभारी और सिपाही वाहन में चढ़कर हर कैरेट की जांच कर रहे थे। चालक नीचे खड़ा था। अचानक चालक अंधेरे का लाभ उठाकर खिसक लिया। अंदर जांच में 40 पेटी बंटी बबली शराब मिलने पर पुलिस को आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। चौकी प्रभारी और सिपाही जब वाहन से नीचे उतरे तब तक चालक पुलिस की आंखों से ओझल हो चुका था।
पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे लेकर थाने चली गई।
वाहन की जांच पड़ताल की गई तो उक्त वाहन जयानंद पुत्र रामजपित निवासी तेंदुही, बरधगोनिया जिला देवरिया के नाम से रजिस्टर्ड है। सूत्र बताते है कि यह वाहन बैतालपुर क्षेत्र का है और कई मार्गों से दूध की आड़ में दारू की सप्लाई में प्रयोग किया जाता है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लार उमेश कुमार वाजपेई ने कहा कि किसी भी कीमत पर हमारे क्षेत्र से शराब की तस्करी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने दुग्ध वाहन में शराब पकड़े जाने की पुष्टि की है।



