संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी 45 शिकायतें, 9 मामलों का मौके पर निस्तारण

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, महराजगंज
तहसील सदर में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 45 जनशिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में 21 मामले राजस्व विभाग, 15 पुलिस, 3 ग्राम्य विकास विभाग और शेष अन्य विभागों से संबंधित थे। जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त 12 प्रकरणों के शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता भी की, जिनमें 7 ने संतोष व्यक्त किया। बेलवा बुजुर्ग व पनियरा से संबंधित मामलों में कार्रवाई की प्रगति धीमी होने पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी जांच अधिकारियों को निर्देशित किया कि निस्तारण के दौरान मौके की तस्वीर के साथ स्पॉट मेमो तैयार करें और निस्तारण की रिपोर्ट दोनों पक्षों को उपलब्ध कराएं। समाधान दिवस में कई जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



