विवाहिता के तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, खोरिया बाजार, महराजगंज
निचलौल थानाक्षेत्र के ग्राम कोहड़वल निवासिनी एक विवाहिता की तहरीर पर पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में विवाहिता विंध्यवासिनी ने बताया है कि उसका मायका नगरपालिका महराजगंज के धनेवा धनेई वार्ड में है। उसकी शादी दो वर्ष पहले निचलौल थानाक्षेत्र के ग्राम कोहड़वल निवासी रामप्रवेश चौधरी से हुई थी। शादी में उसके पिता ने चार लाख रुपए नगद, एक बाइक और जेवर दिया था और कुल दस लाख रुपए खर्च किया था। वह शादी के बाद विदा होकर अपने ससुराल आई तब सब कुछ ठीक चल रहा था। उसके बाद उसका पति नशे का शौकीन हो गया। ससुराल के लोग उसे कम दहेज लेकर आने का ताना मारने लगे। वे लोग कहने लगे कि अपने माता पिता से पांच लाख रुपए अतिरिक्त दहेज मांगकर ले आओ। इसका विरोध करने पर वे लोग उसे मारने पीटने लगे। इस बीच बीते 28 अप्रैल 2025 को उसके ससुराल के लोग उसे मारे पीटे। इस दौरान उसके हाथ और पैर में चोट लग गई। ससुराल के लोग जलाकर उसे मारने की धमकी देते हुए उसका जेवर छीन लिया और घर से उसे निकाल दिया। एसओ अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर उसके पति रामप्रवेश, ससुर कैलाश और सास रम्भा तथा दो अन्य महिलाओं के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



