सड़क हादसे में किसान की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज ।
चौक थाना क्षेत्र के सिहुली परसा गांव में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। खेत की रखवाली कर रहे 60 वर्षीय किसान बहादुर गौड़ को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ सो रहे सहमत गंभीर रूप से घायल हो गए। सहमत को पहले चौक सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह हादसा पिपरिया गुरुगोविंदराय से बनटागिया कम्पार्टमेंट 27,28 को जोड़ने वाली सड़क के किनारे हुआ। दोनों किसान अपनी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत पर ही रात्रि विश्राम कर रहे थे। बहादुर गौड़ ने सतर्कता बरतते हुए सड़क किनारे साइकिल खड़ी कर दी थी ताकि वाहन चालक उनकी उपस्थिति जान सकें। इसके बावजूद एक तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को रौंद दिया। सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी मालती और पुत्र गिरिजेश हैं। घटनास्थल पर पिकअप वाहन के टायरों के निशान मिले हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लकड़ी माफिया रात में तेज रफ्तार से इस रास्ते का उपयोग करते हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।



