सरहद पर पकड़े गए ठग, बरामद हुआ आभूषण, जांच में निकला नकली सोना।
एसएसबी ने दोनों आरोपियों को पुलिस को किया सुपुर्द, आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता, खोरिया बाजार, महराजगंज
थाना क्षेत्र के भारत नेपाल सरहद पर मंगलवार देर शाम को एसएसबी टीम की ओर से बरामद की गई आभूषण जांच में नकली निकला है। इतना ही नहीं गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड भी बरामद हुए है। मामले में एसएसबी सहित कई सुरक्षा एजेंसियां के पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। वही पुलिस इस मामले में बुधवार को एसएसबी बीओपी झुलनीपुर में तैनात आरक्षी सुनील कुमार दुबे की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर ली। उसके बाद आगे की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार दोनों आरोपियों को चालान कर दी।झुलनीपुर बीओपी के एसएसबी आरक्षी सुनील कुमार दुबे ने पुलिस से बताया है कि वह आरक्षी शाहिल कुमार के साथ झुलनीपुर के लाइन एक पर ड्यूटी में तैनात थे। इसी बीच एक बाइक से दो व्यक्ति नेपाल की ओर से भारतीय सीमा क्षेत्र की ओर आते दिखे। जिन्हें संदिग्ध के आधार पर रोककर पूछताछ करने लगे। जिस दौरान एक शख्स ने अपना नाम साकिर अली खान निवासी लक्ष्मीनगर थाना खोडारी जिला गोण्डा बताया। जबकि दूसरे शख्स ने अपना नाम अबरार निवासी हरपुर टोला निबियहवा थाना बरगदवा बताया। इस दौरान तलाशी लेने पर पहले शख्स साकिर अली खान के पास से दो आधार कार्ड के साथ ही एक पैन कार्ड भी बरामद हुआ। जांच में पाया गया कि दोनों आधार पर उक्त साकिर अली खान का फोटो लगा है। जबकि नाम और पता भिन्न है। सख्ती के साथ पूछताछ में साकिर ने बताया कि बरामद दोनों आधार कार्ड फर्जी है। जिसपर उनका फोटा लगा हुआ है। जबकि दूसरे शख्स अबरार ने आधार कार्ड को मोबाइल में ली गई छायाप्रति को दिखाया। पकड़े गए साकिर अली खान आभूषण के रूप में गले में चैन तथा दाहिने हाथ में ब्रेसलेट पहना हुआ था। इतना ही नहीं इसके पास रखे बैंग की तलाशी लेने पर 5 अंगूठी, 5 बिस्किट भी बरामद हुआ। जो सोना की तरह प्रतीत हो रहा था। ऐसे में निचलौल शहर स्थित एक ज्वेलरी की दुकान पर उक्त आभूषण की जांच कराया गया। जिस दौरान जांच में बरामद आभूषण और बिस्किट नकली निकला।
वही थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार मामले में एसएसबी के आरक्षी सुनील कुमार दुबे की फर्द के आधार पर आरोपी साकिर अली खान निवासी लक्ष्मीपुर खोडारे जिला गोंडा, अबरार निवासी हरपुर टोला निबियहवा थाना बरगदवा, रामसुरेश चौधरी निवासी अज्ञात के अलावा एक अन्य सहित कुल चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर ली गई है। वही गिरफ्तार आरोपी साकिर अली खान और अबरार के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।



