देवरियाब्रेकिंग न्यूज़

डीएम की अध्यक्षता में तहसील बरहज सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का किया गया आयोजन

कुल 41 शिकायती प्रार्थना पत्र हुए प्राप्त, जिसमे से 04 का मौके पर किया गया निस्तारण

समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर होगी कठोर कार्रवाई-डीएम

स्वाभिमान जागरण संवाददाता

देवरिया।  जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह की अध्यक्षता में माह सितंबर के तृतीय शनिवार को तहसील बरहज सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।  जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा द्वारा जनता की समस्याओं को गम्भीरता के साथ सुनने के उपरान्त विभागीय अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही उनका निराकरण करने के सम्बन्ध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए।

बरहज तहसील के खोड़ा निवासी कमला प्रसाद यादव पुत्र स्वर्गीय छेदी यादव ने विद्युत कनेक्शन मिलने में हो रहे अनावश्यक विलंब की शिकायत की। जिलाधिकारी को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि गत 19 अगस्त को उन्होंने झटपट कनेक्शन के लिए आनलाइन आवेदन किया था। किंतु विद्युत विभाग द्वारा अनावश्यक विलंब किया जा रहा है। उन्होंने जेई पर पैसे की अपेक्षा रखने का आरोप लगाया। जिस पर डीएम ने जेई पंकज गुप्ता से सख़्ती से पूछताछ की। किंतु संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्हें पुलिस ऑब्जर्वेशन में भेजने का निर्देश दिया।ग्राम पुरैना शुक्ला निवासी मिथिलेश शुक्ल ने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग की, जिसे डीएम के निर्देश के क्रम में तत्काल उपलब्ध करा दिया गया। नन्दना वार्ड वेस्ट निवासी अनीस आलम पुत्र अंसार आलम को दिव्यांगता का प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया। 14 वर्षीय अनीस आलम का वजन लगभग 117 किलोग्राम है और वे 70 प्रतिशत लोकोमेटिव डिसेबिलिटी से प्रभावित हैं। अत्यधिक वजन के कारण वे तहसील आने में असमर्थ थे। उन्हें जिलाधिकारी के निर्देश पर एंबुलेंस घर भेज कर बुलाया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि लेखपाल अपने हलके में नियमित रूप से भ्रमणशील रहें। भूमि विवादों का समाधान कराएं। खलिहान की भूमि, चकरोड अथवा नाला सहित सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह के अतिक्रमण को हटवाए तथा उसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली अधिकांश शिकायतें पैमाइश, पारिवारिक संपत्ति विवाद, खलिहान की भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़ी होती है यदि लेखपाल अपने क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे तो शिकायतों की संख्या में भी कमी आएगी । उन्होंने कहा कि यदि किसी लेखपाल के द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही मिली तो सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रयास यह हो कि कोई भी फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर कही न भटके।  उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का निस्तारण आज नहीं हो सका है उनका एक सप्ताह के अंदर शासन की मंशानुसार गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निस्तारण हो जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो समस्याएं जिस स्तर की हैं उनका समाधान उसी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पुलिस विभाग से जुडे मामलों की सुनवायी की व पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं थानाध्यक्षो को प्राप्त सभी सन्दर्भाे का निस्तारण प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश दिया।

तहसील बरहज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 41 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से राजस्व विभाग के 27,  पुलिस विभाग के 04, विकास विभाग के 04, खाद्य एवं रसद विभाग के 01 तथा अन्य विभाग के 05 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 04 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण  मौके पर किया गया। अवशेष 37 प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग को समाधान के निर्देश के साथ सौंपा गया।

 

Dainik Swabhiman Jagran

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!