हत्यारोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

स्वाभिमान जागरण संवाददाता
देवरिया। मईल थाना क्षेत्र के ईशारु गांव निवासी शिवशंकर पाण्डेय की हत्या के मामले में सात दिनों से फरार चल रहे मुख्यारोपित को पुलिस ने भागलपुर बाजार के पिंडी तिराहे के समीप से गिरफ्तार कर लिया ।जबकि एक अन्य आरोपित को पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। ईशारु गांव निवासी शिवशंकर पाण्डेय गोरखपुर के एक निजी विद्यालय में गार्ड का कार्य करते थे ।गांव आने पर भागलपुर निवासी संजय उर्फ टाटा यादव के साथ गाय भैंस की खरीदारी भी करते थे। संजय यादव ईशारू में शंकर पांडे के घर आया जाया करता था। संबंध इतना गहरा था कि उनके न रहने पर भी वह घर जाता था।
शनिवार के दिन संजय यादव के बुलाने पर शिवशंकर पांडे भागलपुर गए।देर रात तक घर नही आने पर उनकी पत्नी ने खोजबीन शुरू किया ।सुबह तक पता न चलने पर उनकी पत्नी शिवानी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई ।सूचना मिलते ही पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई ।मामले में एक युवक को पुलिस ने जब हिरासत में लेकर पूछताछ किया तो सामने आया की शिवशंकर की हत्या करके शव नदी में फेंक दिया गया है ।युवक के बताने पर पुलिस ने मुख्यारोपित की तलाश तेज करते हुए शव को नदी में ढूंढने के प्रयास भी किया, लेकिन शव बरामद नही हो सका ।वहीं मुख्यारोपित की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को भागलपुर सलेमपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।सीओ के आश्वासन पर लोगो ने जाम हटाया।शुक्रवार के दिन मुख्यारोपित की गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ कर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस खुलासा में यह बात साफ हुई कि प्रेम प्रसंग में रोड़ा बनने की वजह से शिव शंकर पांडे की हत्या हुई।मईल थाने के प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ सरोज ने बताया की प्रेम प्रसंग में हत्या की बात आरोपी ने कबूल किया है । आरोपित को न्यायालय चालान कर दिया गया ।



