रिश्वत लेते दबोचा गया ग्राम विकास अधिकारी

स्वाभिमान जागरण देवरिया। देवरिया में एक ग्राम विकास अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ एंटी करपशन टीम द्वारा पकड़े जाने का मामला प्रकाश में आया है। एंटी करप्शन गोरखपुर की टीम ने बुधवार को अपरान्ह 3 बजे देसही देवरिया ब्लाक के पकड़ी बीरभद्र गांव के ग्राम पंचायत भवन से एक ग्राम विकास अधिकारी को 24 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। टीम ने यह कार्रवाई कुशीनगर जिले के परसौनी गांव निवासी ठेकेदार सतीश मणि की शिकायत पर की। टीम ग्राम विकास अधिकारी को लेकर महुआडीह थाने पहुंची, जहां – उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया।
गोरखपुर जिले के इन्दिरा कालोनी, चंपा देवी पार्क के पीछे तारामंडल के रहने वाले जयनारायण सिंह देसही देवरिया के पकड़ी बीरभद्र में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात हैं। उनके पास पकड़ी बीरभद्र के अलावा मुण्डेरा इमिलिया सहित दो अन्य ग्राम पंचायतों का भी चार्ज है। कुशीनगर जिले के परसौनी गांव के रहने वाले सतीश मणि पुत्र राजाराम ठेकेदारी करते हैं। वह अपनी फर्म एस के ट्रेडर्स नाम पर ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्य करते हैं। उन्होंने मुण्डेरा इमिलिया ग्राम पंचायत में भी हैण्डपंपों के रिबोर, नाली, कूड़ाघर आदि बनवाने व मरम्मत का कार्य किया था। इन कार्यों के भुगतान को लेकर ठेकेदार व ग्राम विकास अधिकारी के बीच तकरार चल रही थी। ठेकेदार ने एंटी करपशन टीम को अपनी शिकायत दर्ज कराई थी उसी आधार पर बुधवार को ग्राम विकास अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया गया।
————–===
Ad👇




