अधिवक्ताओं में आक्रोश, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन।
बाराबंकी में अधिवक्ता के साथ मारपीट का मामला।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता आनन्दनगर महराजगंज।
बाराबंकी में टोल प्लाजा पर अधिवक्ता अमलेश कुमार पर हुआ जानलेवा हमला पूरे प्रदेश में वकीलों के आक्रोश का कारण बना हुआ है। इसी क्रम में जनपद महाराजगंज के फरेंदा तहसील के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है, इस परिपेक्ष्य में अधिवक्ताओं ने प्रशासन के समक्ष विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है। इस क्रम मे उन्होंने ने मांग की है कि उक्त प्रकरण में अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए। घटना के बाबत अधिवक्ता को क्षतिपूर्ति दी जाए। पूरे देश में अधिवक्ता हित में अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू किया जाए। उक्त आशय का एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी फरेंदा को सौंपा गया। इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमकुमार सिंह एवं महामंत्री अजीत मणि त्रिपाठी ने किया। अधिवक्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन सख्त नहीं हुआ तो अधिवक्ता आगे की लड़ाई को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में शामिल लोगों में मनोज मिश्रा, सुधेश मोहन श्रीवास्तव, सचिन त्रिपाठी, मृत्युंजय शुक्ल, उस्मान खान, नवजोत कुमार, उमाशंकर यादव आदि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ साथ अन्य अधिवक्ता गण मौजूद रहे।



