भारतीय सेना ने नेपाली सैन्य सुरक्षा हेतु पचास सैन्य वाहन नेपाली सेना को सौंपा।
भारत नेपाल में रक्षा सहयोग पर नई पहल।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महराजगंज।
भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करते हुए भारतीय सेना ने नेपाल सेना को 50 सैन्य वाहन हस्तांतरित किए। यह प्रक्रिया आज दोपहर लगभग डेढ़ बजे महराजगंज जिले की सोनौली सीमा पर विधिवत रूप से पूरी की गई।
हस्तांतरित किए गए वाहनों में 7.5 टन क्षमता के 20 एएलएस (ALS) ट्रक तथा 2.5 टन क्षमता के 30 टाटा ट्रक शामिल हैं। सभी वाहनों को औपचारिक प्रक्रिया के तहत नेपाल सेना को सुपुर्द किया गया।
वाहन हस्तांतरण के पश्चात सभी ट्रकों को सोनौली व्यापार एवं पारगमन मार्ग से सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से नेपाल की ओर रवाना किया गया। इस दौरान 22 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) महराजगंज की एफ समवाय सोनौली के जवानों ने सुरक्षा और मार्ग प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई। एसएसबी की कड़ी निगरानी में वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की गई।
हस्तांतरण कार्यक्रम में भारतीय सेना, नेपाल सेना और सशस्त्र सीमा बल के वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। भारतीय सेना की ओर से कर्नल जपेंद्र पाल सिंह और मेजर अर्जुन चौहान मौजूद थे, जबकि नेपाल सेना का प्रतिनिधित्व लेफ्टिनेंट कर्नल हरी प्रसाद भट्टराई ने किया। 22वीं वाहिनी एसएसबी महराजगंज की ओर से सहायक कमांडेंट सी. विवेक और निरीक्षक (सामान्य) प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में जवानों ने इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
यह सैन्य वाहन हस्तांतरण भारत और नेपाल के बीच मजबूत रक्षा सहयोग, आपसी विश्वास और मैत्रीपूर्ण संबंधों का प्रतीक है। दोनों देशों की सेनाओं ने भविष्य में भी इसी प्रकार के समन्वय और सहयोग को बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे कार्यक्रम के दौरान सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।



