फतेहपुर

गर्भवती महिला को एएनएम द्वारा एक्सपायरी दवा देने का आरोप, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

खखरेरू / फतेहपुर धाता विकासखंड के अढ़ैया गांव निवासी राहमीन पत्नी फरीद अहमद ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता के स्वास्थ्य अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर उप स्वास्थ्य केंद्र अढ़ैया पर तैनात एएनएम पर एक्सपायरी डेट की दवा वितरण करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता राहमीन, जो लगभग छह माह की गर्भवती हैं, ने बताया कि 4 फरवरी बुधवार को गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण एवं आयरन–फोलिक एसिड (आईएफए) टैबलेट का वितरण किया गया था। वह भी टीकाकरण हेतु केंद्र पहुंची थीं, जहां एएनएम द्वारा टीकाकरण के बाद आयरन–फोलिक एसिड की गोलियां दी गईं।

पीड़िता के अनुसार, दवा सेवन के बाद पूरी रात शरीर में दर्द, बेचैनी और अस्वस्थता महसूस होती रही। जब दवाएं पति को दिखाईं गईं, तो पता चला कि आयरन–फोलिक एसिड टैबलेट की एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी।

घटना के बाद ग्रामीणों व क्षेत्रीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की ऐसी लापरवाही से जच्चा-बच्चा दोनों की जान को गंभीर खतरा बना रहता है। लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि दवा एक्सपायरी थी, तो क्या लगाए गए टीके भी सुरक्षित और वैध थे या नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए।

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य अधीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता द्वारा शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा, “मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित एएनएम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!