जिलाधिकारी ने किया राजस्व लिपिक को निलंबित।
आई जीआर एस, प्रकरणों में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज ।
महाराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आईजी आरएस प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्व लिपिक दशरथ प्रसाद को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार जनवरी माह में कुल 10 आवेदन पत्र समय से पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए, जिसके चलते सभी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में चले गए और इसका प्रतिकूल प्रभाव जनपद की रैंकिंग पर पड़ा। जनवरी माह की आईजीआरएस रैंकिंग में जनपद को 29वां स्थान प्राप्त हुआ था। इसके अतिरिक्त दिसंबर माह में भी एक प्रकरण विलंब से अपलोड किया गया था। जिलाधिकारी ने शासकीय कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील)
नियमावली, 1999 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए संबंधित राजस्व लिपिक को निलंबित कर तहसील नौतनवा से संबद्ध कर दिया है। साथ ही पर्यवेक्षणीय शिथिलता के दृष्टिगत एसडीएम निचलौल एवं तहसीलदार निचलौल को स्पष्टीकरण जारी किया गया है तथा उन्हें आईजीआरएस प्रकरणों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईजीआरएस शिकायतों की जांच आख्या समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए। इसके लिए एक विस्तृत चेकलिस्ट भी जारी की गई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो और शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।



