जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पुरन्दरपुर थाने का किया औचक निरीक्षण।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने शनिवार को थाना पुरन्दरपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया तथा अभिलेखों और सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। अधिकारियों ने शस्त्रागार में हथियारों की सफाई, रखरखाव एवं संबंधित रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही थाना कार्यालय, महत्वपूर्ण अभिलेख, मालखाना (जब्तशुदा सामान की सुरक्षा एवं रिकॉर्ड), हवालात की स्वच्छता व सुरक्षा व्यवस्था, पुलिसकर्मियों की मेस व बैरक, महिला हेल्प डेस्क के संचालन तथा मिशन शक्ति केंद्र और सीसीटीएनएस (सीसीटीएनएस) सिस्टम की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। थाने के विभिन्न रजिस्टरों और फाइलों को भी चेक किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सभी बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर जनसमस्याओं को सुनने और तत्काल विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ने यह भी कहा कि क्षेत्र में सक्रियहिस्ट्रीशीटर, चोर-उचक्कों और शातिर अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ को अपराध नियंत्रण, जनता की सेवा तथा थाना कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय सहित अन्य लोग रहें।



