नाराज पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया प्रहार मौके पर मौत
बृजमनगंज के सौरहा में हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महाराजगंज।
बृजमनगंज क्षेत्र के सौरहा में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद में नाराज पति का पत्नी झगड़ा हो गया और विवाद बढ़कर मार पीट में तब्दील हो गया, जिसमें नाराज़ पति ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया, जिससे पत्नी मौके पर ही मौत हो गई। सनसनी खेज मामला बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौरहा में गुरुवार की शाम लगभग चार बजे घटित हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका नजमा की शादी लगभग दो वर्ष पहले मगरू उर्फ पति मुर्तुजा से हुई थी। लेकिन दोनों के बीच प्रायः विवाद होता रहता था। इसी कारण नजमा अधिकतर अपने मायके में इसी थाना क्षेत्र के ग्राम बरगाहपुर में रहती थी। गुरुवार दोपहर नजमा अपनी मां आयशा और एक लड़के के साथ अपने सामान को लेने के लिए सौरहा स्थित अपने पति के घर पहुंची थी। पति से बातचीत कर जब वह अपना सामान लेकर घर के बाहर निकल रही थी, तभी पति ने उसे वापस घर के अंदर बुलाते हुए कहा कि एक जरूरी बात करनी है। जैसे ही नजमा घर के अंदर गई, उसी दौरान मुर्तुजा और नजमा में झगड़ा हो गया। मुर्तजा ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया ।गंभीर रूप से घायल नजमा को जब तक लोग अस्पताल ले जाते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में मृतका की मां आयशा से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी की तलाश जारी है।



