विकास भवन में पिस्टल लेकर घुसा बर्खास्त कर्मी, डीसी मनरेगा से मारपीट कर फरार।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज विकास भवन परिसर में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बर्खास्त तकनीकी सहायक लाइसेंसी पिस्टल लेकर डीसी मनरेगा कार्यालय में घुस
गया। आरोपी अरविंद श्रीवास्तव, जो पूर्व में मनरेगा योजना में कार्यरत था, सेवा समाप्ति और मानदेय विवाद को लेकर अधिकारियों से नाराज चल रहा था। कार्यालय पहुंचते ही उसने डीसी मनरेगा गोरवेंद्र सिंह से तीखी बहस शुरू कर दी, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर दबाव बनाने की कोशिश भी की। शोर-शराबा सुनकर अन्य कर्मचारी और एपीओ मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। घटना के दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल है। घटना के बाद डीसी मनरेगा गोरवेंद्र सिंह ने कर्मचारियों के साथ सदर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।



