पड़ोसी से विवाद : सरकारी गाड़ी से पहुंचा दूसरे हल्का का सिपाही, वसूल लिए 35 हजार
लार के चर्चित हेड कान्सटेबिल का कारनामा

लार थाने के चर्चित हेड कान्सटेबिल के खिलाफ एसपी से शिकायत
स्वाभिमान जागरण देवरिया। एक अच्छी भली सरकार, एक बेहतर पुलिस प्रशासन में एक धब्बा है एक बहुचर्चित हेड कान्सटेबिल। थानेदार आते जाते रहते हैं लेकिन कार खास वही रहता है। थाने के लिए धन उगाही करने वाला उक्त हेड कान्सटेबिल पिछले चार प्रभारियों के कार्यकाल में भी इंस्पेक्टरो का खास रहा है। गत 19 मार्च की एक घटना ने उसे और चर्चित बना दिया है।
लार थाना के भसकरी निवासी गुलाब प्रसाद के घर का एक छोटा लड़का दीवाल में कील गाड़ रहा था। इस बात को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। पड़ोसी ने लार थाने पर शिकायत की। इस मामले की डील की जिम्मेदारी उक्त चर्चित हेड कान्सटेबिल को मिली।वह भले ही किसी एक हल्के के लिए नामित हो लेकिन लार थाना में चौतरफा उसी का राज है। उसके कृत्य की चर्चा पहले भी रही है। वह सिपाही भसकरी पहुंचा। गुलाब को सरकारी गाड़ी में पकड़ कर लाया। डरा धमका कर 35 हजाररूपये समझौता कराने के नाम पर लिया। यह आरोप पत्रकारों से बात करते हुए पीड़ित गुलाब प्रसाद ने स्वयं लगाया है।
गुलाब प्रसाद ने अपने साथ हुई घटना में उक्त हेड कान्सटेबिल की शिकायत को लेकर एसपी देवरिया के दफ्तर पहुंचे । उसने एसपी के नाम दिए प्रार्थना पत्र में थाना के एक हेड कान्सटेबिल पर जबरिया घर से उठा कर थाने ले जाने का आरोप लगाया है। भसकरी गांव निवासी गुलाब प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर लार थाने पर तैनात उक्त सिपाही पर आरोप लगाया है कि वह दूसरे हल्के में तैनात है। सरकारी गाड़ी से मेरे घर आकर बिना किसी वाजिब कारण घर में जबरन घुस गया। सिपाही जबरिया गाड़ी में बैठाने लगा। विरोध करने पर सिपाही द्वारा जातिसूचक भद्दी भद्दी गालियां दी गई।



