जिला स्तरीय अंतरविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता में नवजीवन ज्योति पब्लिक स्कूल और शांति बाल विद्या मंदिर ने मारी बाजी।

उत्तर प्रदेश खेल ब्रेकिंग न्यूज़ महाराजगंज

 

 

*बालिका वर्ग में नवजीवन ज्योति पब्लिक स्कूल चौक बाजार प्रथम, जबकि बालक वर्ग में शांति बाल विद्या मंदिर रहा विजेता।*

*2030 ओलंपिक में कबड्डी को शामिल कराने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मुहिम चला रही है क्रीड़ा भारती – श्याम कुमार गुप्ता।*

*खेल-खेल से होता है स्वस्थ मस्तिष्क का विकास – विनोद गुप्ता*

दैनिक स्वाभिमान जागरण महराजगंज।

क्रीड़ा भारती महराजगंज एवं इंडिपेंडेंट स्कूल एलायंस के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय अंतरविद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। 22 नवंबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, दमखम और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में नवजीवन ज्योति पब्लिक स्कूल चौक बाजार ने 29 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि डीएनआईसी पब्लिक स्कूल चौक बाजार की टीम 19 अंकों के साथ उपविजेता रही। तीसरे स्थान पर आरके सनशाइन तथा चौथे स्थान पर एक्सेल एकेडमी महराजगंज की टीम रही।वहीं बालक वर्ग में शांति बाल विद्या मंदिर की टीम ने 34 अंक हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। ऑलमाइट एकेडमी ने 33 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। ध्रुव नारायण पब्लिक स्कूल तीसरे तथा विजन एकेडमी चौथे स्थान पर रहा।क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री अभिषेक कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ 2100 रुपये तथा उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ 1100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2030 में आयोजित होने वाले ओलंपिक खेलों में कबड्डी को शामिल कराने के लिए क्रीड़ा भारती राष्ट्रीय स्तर पर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि कबड्डी भारत के गांवों में खेले जाने वाले सबसे लोकप्रिय पारंपरिक खेलों में से एक है। गांवों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत केवल उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराने की है।समापन समारोह में विनोद गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ मस्तिष्क, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना के विकास का भी महत्वपूर्ण साधन है। खेल-खेल से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

 

समारोह के दौरान क्रीड़ा भारती के संरक्षक कृष्ण गोपाल जायसवाल, विनोद गुप्ता, इंडिपेंडेंट स्कूल एलायंस के अध्यक्ष दशरथ गुप्ता, सचिव जीवेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष रितेश त्रिपाठी, कबड्डी प्रमुख गोरख गुप्ता, निर्णायक मंडल प्रमुख दीनानाथ विश्वकर्मा एवं योग प्रमुख संत कुमार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों सहित सभी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।