पिकनिक मनाकर लौट रहे दसवीं के छात्र की सड़क हादसे में मौत, गांव के चार अन्य छात्र घायल

उत्तर प्रदेश फतेहपुर

 

_लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खड़ी स्कूली बस मे

*खखरेरू/फतेहपुर कन्नौज जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में खखरेरू थाना क्षेत्र के जहांगीर नगर गहुरा गांव निवासी दसवीं के छात्र अरमान (17) की मौत हो गई। हादसे में इसी गांव के चार अन्य छात्र भी घायल हो गए। सभी घायलों का कानपुर के हैलट अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक ही गांव के पांच छात्रों के हादसे का शिकार होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार कौशांबी जनपद के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस करीब 50 छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ समेत लगभग 60 लोगों को लेकर मथुरा और आगरा में पिकनिक मनाने गई थी। मंगलवार रात करीब 12 बजे बस आगरा से कौशांबी के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग छह बजे कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बच्चों के शौचालय जाने के लिए बस सड़क किनारे रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए। हादसे में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक बच्चे घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में जान गंवाने वाला अरमान जहांगीर नगर गहुरा गांव निवासी रियाज अहमद का पुत्र था। वह कक्षा दस में पढ़ता था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई रहमान भी इसी विद्यालय में पढ़ता है, लेकिन वह पिकनिक पर नहीं गया था। अरमान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां सोनी देवी बेटे की मौत के सदमे में बार-बार बेसुध हो रही हैं, जबकि पिता रियाज अहमद का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं, इसी गांव के अहद बिलाल (14), मोईन (16), मोहिद्दीन (14) और अतवीर (15) भी हादसे में घायल हो गए। चारों का कानपुर स्थित हैलट अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक साथ पांच बच्चों के हादसे का शिकार होने से गांव में मातम पसरा है। परिजन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अरमान का शव गांव पहुंचने पर बुधवार को अंतिम संस्कार किए जाने की बात कही गई है।