नेपाली टूरिस्ट बस से सात संदिग्ध महिलाएं हिरासत में ली गई।
बृजमनगंज पुलिस ने संदेह के आधार पर लिया हिरासत में।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता धानी बंग्ला महराजगंज।
महाराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार शाम एक टूरिस्ट बस से सात नेपाली महिलाओं को हिरासत में लिया। संदेह होने पर उन्हें कोल्हुई तिराहे से पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।
यह घटना रविवार रात करीब 8 बजे कोल्हुई तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस ने नेपाल से आ रही एक टूरिस्ट बस को रोका और उसकी जांच-पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान बस में सवार सात नेपाली महिलाओं पर पुलिस को संदेह हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर बृजमनगंज पुलिस ने उन्हें बस से उतारकर थाने ले आई। यह बस काठमांडू से नई दिल्ली जा रही थी।
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर इन सात नेपाली महिलाओं को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उनके दस्तावेजों की जांच और विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। लोग किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय मामले की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, बृजमनगंज पुलिस फिलहाल इस मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर रही है।



