शादी का झांसा देकर नाबालिग किशोरी को भगा ले गया युवक, मुकदमा दर्ज
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे से नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर युवक के फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता का परिवार मूल रूप से जनपद चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है और इन दिनों खखरेरू थाना क्षेत्र में संचालित एक ईंट भट्ठे पर ईंट पथाई का कार्य कर रहा था। पीड़िता के पिता के मुताबिक, तीन मई को उनकी नाबालिग पुत्री अचानक ईंट भट्ठे से लापता हो गई। परिजनों ने आसपास के इलाकों के साथ-साथ चित्रकूट जनपद में भी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि रहमतपुर गांव निवासी सरवन कोरी (22) पुत्र शुग्गन नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया है। इसके बाद पिता ने खखरेरू थाने में तहरीर देकर बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए लगाया गया है।



