उत्तर प्रदेशफतेहपुर

दूध पर जल्द लागू होगा एमएसपी, चिल्लीमल यमुना पुल को प्राथमिकता : राज्य मंत्री कृष्णा पासवान

 

खखरेरू फतेहपुर पशुपालन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान के नगर पंचायत खखरेरू में प्रथम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत रावण मैदान स्थित शिव शंकर मंदिर में दर्शन-पूजन से हुई, जिसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से अभिनंदन किया।
कस्बे के रॉयल गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में सुदनपुर प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना व राष्ट्रगीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर राज्यमंत्री ने छात्राओं को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित पूरे स्टाफ को धन्यवाद दिया। ग्रामीण क्षेत्र से होने के बावजूद विद्यालय के दो छात्रों का नवोदय विद्यालय में चयन होने पर उन्होंने विशेष बधाई दी।

बैठक में किसानों ने बताया कि क्षेत्र में संचालित निजी डेयरियों से उन्हें दूध का उचित मूल्य नहीं मिल पाता और कई डेयरियां कुछ महीनों बाद बंद हो जाती हैं, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। इस पर राज्यमंत्री ने जल्द ही दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू करने का आश्वासन दिया। साथ ही क्षेत्र में नेशनल डेयरी प्लांट स्थापित कराने की बात कही, जिससे दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों को स्थायी लाभ मिल सके।

गढ़ा क्षेत्र पंचायत सदस्य हिमांशु त्रिपाठी ने चिल्लीमल यमुना पुल निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पुल बनने से यमुना पार क्षेत्रों और खखरेरू के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा और व्यापार व आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। इस पर राज्यमंत्री ने पुल निर्माण को प्राथमिकता में शामिल करने का आश्वासन दिया।

खखरेरू क्षेत्र में हो रही अघोषित विद्युत कटौती के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में राज्यमंत्री ने शीघ्र सुधार कराने की बात कही।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने 2027 में खागा विधानसभा से पुनः विधायक चुनकर कृष्णा पासवान को कैबिनेट मंत्री बनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी, गुड्डू केसरवानी, हिमांशु त्रिपाठी, शिवम सिंह ,गया पाल,प्रवीण पांडेय नगर पंचायत के सभासद सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!