फतेहपुर

विदेश में नौकरी का झांसा देकर दो युवकों से दो लाख की ठगी

दुबई भेजकर इलेक्ट्रीशियन-प्लंबर की जगह पत्थर और सीमेंट ढुलवाने का आरोप, भारत लौटने पर एजेंट मोबाइल बंद कर फरार

खखरेरू/फतेहपुर विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंट ने दोनों युवकों से एक-एक लाख रुपये लेने के बाद उन्हें दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर का काम देने के बजाय उनसे पत्थर और सीमेंट ढुलवाने का काम कराया गया। परेशान होकर दोनों युवक भारत लौट आए। अब आरोपी एजेंट मोबाइल बंद कर घर से फरार बताया जा रहा है।

सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौती गांव निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र छेद्दू और उमेश कुमार पुत्र स्वर्गीय दयाराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खखरेरू कस्बा निवासी रामचंद्र पुत्र गनेश सोनकर ने उन्हें दुबई में इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके एवज में दोनों से एक-एक लाख रुपये लिए गए।

आरोप है कि रुपये लेने के बाद एजेंट ने दोनों युवकों को दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर उन्हें वादा की गई नौकरी नहीं मिली। इसके बजाय उनसे पत्थर और सीमेंट ढुलवाने का काम कराया जाने लगा। काम और परिस्थितियों से परेशान होकर दोनों युवक वापस भारत लौट आए।

पीड़ितों के मुताबिक भारत लौटने के बाद उन्होंने रामचंद्र से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। घर पहुंचने पर भी उसके फरार होने की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों युवकों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपी एजेंट के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की।

इस संबंध में थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है जांच करके अग्रिम कार्रवाई किया जाएगा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!