बाइक एजेंसी के शोरूम में हुई चोरी का खुलासा, चोरी गई मोटर सायकिलें बरामद

स्वाभिमान जागरण देवरिया
पुलिस अधीक्षक की प्रेस वार्ता में हुआ खुलासा
शोरूम से चोरी हुई 5 नई मोटरसाइकिलें बरामद, 4 आरोपी व एक बाल अपचारी गिरफ्तार
जिले के थाना तरकुलवा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल चोरी की बड़ी घटना का सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई पांच नई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने 9/10 जून की रात संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर सिरवनिया धूस जंगल की ओर से आ रहे एक युवक को रोका। पूछताछ में उसकी पहचान विमल कुमार पाण्डेय (19 वर्ष) पुत्र आशाराम पाण्डेय निवासी चिरींपुर, थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई।
जांच के दौरान उसके पास मिली बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल थाना तरकुलवा में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित निकली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों भोला (22 वर्ष), कृष्णानंद तिवारी (18 वर्ष), आकाश (19 वर्ष) और एक बाल अपचारी के साथ मिलकर 3-4 जून की रात तरकुलवा कस्बे स्थित गणेश ऑटो सेल्स शोरूम के पीछे का ताला तोड़कर पांच नई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं।चोरी के बाद सभी मोटरसाइकिलों को सिरवनिया धूस जंगल में छिपा दिया गया था। आरोपी उन्हें बेचने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने कार्रवाई कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें एक पल्सर एन-160 और चार पल्सर-125 बाइक शामिल हैं। सभी मोटरसाइकिलें गणेश ऑटो सेल्स से चोरी की गई थीं।
आप को बता दें की 4 जून 2026 को गणेश ऑटो सेल्स के संचालक दीपक विश्वकर्मा ने थाना तरकुलवा में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर शोरूम का पिछला ताला तोड़कर नई मोटरसाइकिलें और नकदी चोरी कर ले गए हैं। इस संबंध में थाना तरकुलवा में मुकदमा संख्या 169/2026 दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


