उत्तर प्रदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़महाराजगंज

 नगर की अधिष्ठात्री देवी श्री महाकाली की होगी भव्य त्रिवार्षिक पूजा।

22 जून से तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां पूर्ण।

 

स्वाभिमान जागरण संवाददाता बृजमनगंज महराजगंज।

नगर पंचायत बृजमनगंज की सुख, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना को लेकर हर तीन वर्ष में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक ‘त्रिवार्षिक महापूजा’ का शुभारंभ आगामी

22 जून से होने जा रहा है। नगर की लोक देवी व परम चेतना स्वरूप माँ महाकाली जी को समर्पित यह भव्य धार्मिक अनुष्ठान तीन दिनों तक पूरी आस्था, निष्ठा और विधि-विधान के साथ आयोजित किया जाएगा। इस महापूजा को लेकर क्षेत्रीय श्रद्धालुओं और नगरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और मंदिर समितियों द्वारा सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस त्रिवार्षिक अनुष्ठान की शुरुआत 22 जून (दिन सोमवार) को अलसुबह महिलाओं द्वारा पारंपरिक रूप से ‘धार चढ़ाने’ के साथ होगी। इसी दिन वैदिक विद्वान ब्राह्मणों की देखरेख में मुख्य पूजन व भव्य मंत्रोच्चारण की शुरुआत होगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस आस्था के महापर्व में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, सामूहिक कढ़ाई उत्सव, हवन एवं विशेष खप्पर पूजा संपन्न की जाएगी।

क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने बताया कि यह त्रिवार्षिक पूजा क्षेत्र की प्राचीनतम परंपराओं में से एक है, जो संपूर्ण क्षेत्र को प्राकृतिक आपदाओं, महामारियों और विघ्न-बाधाओं से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पूरी श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। आयोजन समिति ने समस्त क्षेत्रीय जनता एवं श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस तीन दिवसीय पावन अनुष्ठान में सम्मिलित होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा व्यवस्था को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!