सऊदी से भेजी रकम हड़पने का विरोध करने पर बुजुर्ग से मारपीट, जान से मारने की धमकी
खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के पौली गांव में सऊदी अरब से भेजी गई रकम हड़पने का विरोध करने पर एक बुजुर्ग के साथ घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पौली गांव निवासी मकसूद ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके दो बेटे इमरान और शमीम रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रहते हैं। इमरान पिछले दो वर्षों से वहां रह रहा था। इसी दौरान उसकी शादी शकीला नाम की युवती से तय हुई थी। आरोप है कि इमरान ने अपनी दो वर्ष की कमाई का अधिकांश हिस्सा शकीला के परिवार पर खर्च कर दिया।
पीड़ित के अनुसार चार जून को छोटे बेटे शमीम ने सऊदी अरब से अपने बड़े भाई इमरान के माध्यम से 4000 रियाल घर भेजे थे। इमरान रकम लेकर घर पहुंचा, लेकिन पिता से विवाद करने के बाद बिना बताए घर से चला गया। आरोप है कि इससे पहले दोनों बेटों द्वारा भेजे गए करीब 8000 रियाल भी इमरान ने शकीला के भाई, बहनोई और अन्य लोगों की मदद से अपने कब्जे में ले लिए।
मकसूद का आरोप है कि जब उन्होंने शकीला के परिवार से वैवाहिक संबंध जोड़ने से इन्कार कर दिया तो 18 जून को शकीला का भाई, बहनोई राजू तथा अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़ित का कहना है कि जाते समय आरोपी धमकी देकर गए कि यदि इमरान और शकीला का विवाह नहीं कराया गया तो परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इमरान घर का सामान लेकर आरोपियों के साथ चला गया है, जिससे परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है।
थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।



