उत्तर प्रदेशफतेहपुर

फॉल्ट ठीक करते समय करंट की चपेट में आया संविदा लाइनमैन, गंभीर हालत में रेफर

 

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के तारापर गांव में गुरुवार दोपहर विद्युत लाइन का फॉल्ट ठीक करते समय एक संविदा लाइनमैन दूसरी विद्युत लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मंझनपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार अईमापुर निवासी लवकुश सिंह पुत्र नाथू सिंह विद्युत विभाग में संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे तारापर गांव स्थित करण सिंह के ट्यूबवेल की विद्युत लाइन में फॉल्ट की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि उन्होंने पुराने कोट फीडर से शटडाउन लेकर फॉल्ट ठीक करने का कार्य शुरू किया।
इसी दौरान ऊपर से गुजर रही दूसरी (कमर्शियल) विद्युत लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने मंझनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, हादसे के बाद क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!