लंबित मुकदमों के त्वरित निस्तारण को लेकर कार्यशाला आयोजित।

स्वाभिमान जागरण संवाददाता महाराजगंज।
महराजगंज, विचाराधीन अभियोगों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण तथा न्यायालयों में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन महराजगंज के सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला अपर पुलिस महानिदेशक, गोरखपुर जोन के निर्देश पर आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक ने की। कार्यशाला में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, पैरवी अधिकारी, पैरोकार, कोर्ट मोहर्रिर,मॉनिटरिंग सेल प्रभारी तथा संयुक्त निदेशक अभियोजन और ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
इस दौरान न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, साक्ष्यों के समयबद्ध संकलन व प्रस्तुतीकरण, गवाहों की समय पर उपस्थिति, विवेचना एवं अभियोजन के बेहतर समन्वय तथा न्यायालय की आपत्तियों के त्वरित अनुपालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को प्रत्येक विचाराधीन मुकदमे की नियमित समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में थाना स्तर पर लंबित मामलों की सतत मॉनिटरिंग, आवश्यक अभिलेखों के समय से प्रेषण तथा अभियोजन के साथ बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दोषसिद्धि दर बढ़ाना, गंभीर अपराधों में आरोपितों को शीघ्र दंड दिलाना तथा न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाना है।


