1 अगस्त को रैनाथ ब्रम्हादेव महाविद्यालय में लगेगा विशेष विधिक सेवा शिविर व लोक अदालत, प्रचार वाहन कर रहा जागरूक

स्वाभिमान जागरण, देवरिया
देवरिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया द्वारा आगामी 1 अगस्त 2026 को रैनाथ ब्रम्हादेव महाविद्यालय, सलेमपुर में विशेष विधिक सेवा शिविर एवं विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। शिविर में वन एवं अन्य लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के साथ पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
यह आयोजन जनपद न्यायाधीश धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना के नेतृत्व में किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य विस्थापित अनुसूचित जनजाति, वनवासी एवं समाज के कमजोर वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
शिविर के दौरान भारतीय वन अधिनियम-1927, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972, वन अधिकार अधिनियम-2006, भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) से संबंधित लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पात्र लोगों को सुलभ न्याय मिल सके।
इस कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा एक विशेष प्रचार वाहन भी उपलब्ध कराया गया है। यह प्रचार वाहन 27 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक सलेमपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों में भ्रमण कर लोगों को शिविर और लोक अदालत के प्रति जागरूक कर रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अर्चना ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि वन एवं अन्य मामलों से जुड़े लंबित प्रकरणों के पक्षकार इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण करा सकते हैं। साथ ही उन्होंने पात्र नागरिकों से सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने का भी आह्वान किया।



