उत्तर प्रदेशफतेहपुर

विवाहिता ने मां, उसके कथित प्रेमी समेत कई पर गैंगरेप, जबरन गर्भपात और मारपीट का लगाया आरोप

एसपी से लगाई न्याय की गुहार, खखरेरू पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप; थाना प्रभारी बोले– जांच के बाद होगी कार्रवाई

 

खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली विवाहिता ने अपनी मां, उसके कथित प्रेमी तथा अन्य युवकों पर नशीला पदार्थ खिलाकर कई बार सामूहिक दुष्कर्म करने, जबरन गर्भपात कराने, मारपीट करने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता का आरोप है कि शादी से पहले और शादी के बाद भी उसकी मां एवं उसका कथित प्रेमी साजिश के तहत खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर देते थे। इसके बाद गांव के कई युवक बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करते थे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने कई बार जबरन उसका गर्भपात भी कराया, जिससे उसकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी।
महिला ने बताया कि फरवरी 2026 में उसका विवाह खागा थाना क्षेत्र के एक गांव में हुआ था। जुलाई में मायके आने पर उसकी मां, उसके कथित प्रेमी तथा दो अन्य युवकों ने फिर से नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार उसने पूरी घटना की जानकारी फोन पर अपने पति को दी। इसके बाद 12 जुलाई को उसका पति उसे विदा कराने मायके पहुंचा, जहां उसकी मां और उसके कथित प्रेमी ने उसके पति के साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी मां और उसके कथित प्रेमी ने उसके पति से शादी में एक लाख रुपये लेकर शादी किया जिसे वह अब शादी में लिए गए पैसा लौटाने से इंकार कर रहे हैं।
जबकि पीड़िता का पिता रोजी-रोटी कमाने के सिलसिले में गुजरात प्रांत के अहमदाबाद शहर में रहता है घर पर मां और बेटी रह रहे थे।
दंपति का आरोप है कि शिकायत लेकर जब वे खखरेरू थाने पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं हुई और उन्हें डांटकर भगा दिया गया। इसके बाद दोनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!