उत्तर प्रदेशफतेहपुर

लगातार बारिश से किसान का कच्चा मकान ढहा, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा

 

खखरेरू फतेहपुर लगातार हो रही बारिश के चलते क्षेत्र के बैरी गांव में गुरुवार को एक किसान का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में घर में रखा राशन और गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया। संयोगवश घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर होने से बड़ा हादसा टल गया।

बैरी गांव निवासी किसान राजेंद्र सिंह अपनी पत्नी ज्ञानश्री के साथ खेत में धान की रोपाई करने गए थे। दोपहर के समय लगातार बारिश के कारण उनका कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय उनका बेटा बब्लू घर के बरामदे में बैठा था, जबकि पड़ोस के कुछ छोटे बच्चे भी वहीं खेल रहे थे। मकान गिरने से ठीक पहले सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे जनहानि नहीं हुई।

ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। इसी वजह से मकान अचानक धराशायी हो गया। मकान गिरने से घर में रखा अनाज, राशन और अन्य गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

घटना की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल वेद नारायण मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट तैयार कर राजस्व विभाग को भेज दी गई है। शासन की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!